मानसून का तेजी से विस्तार, 16 राज्यों में पहुंचा; कल मुंबई में दस्तक, UP-कर्नाटक में मौसम का कहर, MP-राजस्थान में अलर्ट

देश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। महज 6 दिनों में यह 16 राज्यों तक पहुंच चुका है। मंगलवार को मानसून ने पश्चिम बंगाल में दस्तक दी, जबकि यह मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों में शहर में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है।

मानसूनी हवाओं के प्रभाव से कई मैदानी राज्यों में गर्मी से राहत मिली है। वहीं, प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश दर्ज की जा रही है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार को तेज आंधी के चलते कई जगह पेड़ उखड़ गए।

दूसरी ओर, केरल और कर्नाटक में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को बेंगलुरु और बेलगावी में भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जबकि कुछ इलाकों में गाड़ियां पानी में बहती नजर आईं।

हालांकि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है। सोमवार को श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून अपडेट:
केरल में 4 जून को दस्तक देने के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोमवार को इसने तेलंगाना में एंट्री की, जबकि रविवार को यह त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड तक पहुंच चुका था।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में मानसून ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी पहुंच सकता है। वहीं पश्चिमी तट पर मानसून मुंबई से करीब 150 किलोमीटर दूर है और अगले 48 घंटों में शहर में इसकी एंट्री की संभावना जताई गई है। मुंबई में मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून मानी जाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.