X अकाउंट ब्लॉक होने के बावजूद नहीं थमी CJP की डिजिटल मौजूदगी
डिजिटल संगठन Cockroach Janta Party (CJP) का X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट गुरुवार को ब्लॉक कर दिया गया। अकाउंट ब्लॉक होने के कुछ ही समय बाद संगठन ने नए नाम से सोशल मीडिया पर वापसी की। नए X अकाउंट का नाम ‘Cockroach Is Back’ रखा गया, जिसके बायो में लिखा गया— “Cockroach Don’t Die” यानी कॉकरोच मरते नहीं।संगठन की ओर से नए अकाउंट से पहली पोस्ट गुरुवार दोपहर करीब 2:29 बजे की गई। अकाउंट लॉन्च होने के कुछ ही घंटों में इसे बड़ी संख्या में यूजर्स का समर्थन मिला। शाम तक इस अकाउंट के 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हो गए। इससे पहले CJP के पुराने X अकाउंट पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स मौजूद थे।बताया जा रहा है कि यह संगठन CJI सूर्यकांत के ‘कॉकरोच’ संबंधी बयान के विरोध के बाद चर्चा में आया था और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। अकाउंट ब्लॉक होने के बाद भी संगठन के समर्थकों की सक्रियता कम नहीं हुई और नए हैंडल के जरिए इसकी डिजिटल मौजूदगी फिर दिखाई देने लगी।
इधर, इंस्टाग्राम पर CJP की लोकप्रियता तेजी से बढ़ती दिखी। गुरुवार शाम तक संगठन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 1.6 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स होने का दावा किया गया, जो देश की कई प्रमुख राजनीतिक पार्टियों की सोशल मीडिया पहुंच से अधिक बताया जा रहा है।
इस बीच, संगठन के संस्थापक Abhijeet Dipke ने आरोप लगाया कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक करने की कोशिश की गई। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।
X अकाउंट ब्लॉक होने के पीछे आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन CJP की अचानक बढ़ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर उसके प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।