पटना फायरिंग केस में बढ़ीं खान सर की मुश्किलें: हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट में FIR, गिरफ्तारी की आशंका

पटना में फायरिंग मामले को लेकर चर्चित शिक्षक Faisal Khan उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसके बाद गिरफ्तारी की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, खान सर के गार्ड्स ने बयान में आरोप लगाया है कि उन्हें कथित तौर पर कहा गया था—“तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी बयान के आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ FIR दर्ज की है।

जानकारी के मुताबिक, मामला BNS की धारा 109 के तहत दर्ज किया गया है। इस धारा में दोष साबित होने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। कानूनी प्रक्रिया को देखते हुए मामले ने अब गंभीर मोड़ ले लिया है।

FIR दर्ज होने के बाद खान सर की कोचिंग पर उनके वकील पहुंचे। वहीं, कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर IG कार्यालय में पुलिस अधिकारियों की हाई-लेवल बैठक भी हुई। पुलिस प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संस्थान के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें।

दूसरी ओर, खान सर के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र उनकी कोचिंग के बाहर जुट गए और नारेबाजी की। मामले को लेकर इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

शाम में खान सर की कोचिंग के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी स्टूडेंट्स को कोचिंग परिसर से बाहर किया जा रहा है।दरअसल, 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। घटना के दौरान उनके बॉडीगार्ड्स के फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था। मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.